निवाड़ी पुलिस ने जनवरी माह को सड़क सुरक्षा माह के रूप में मनाते हुए एक विशेष अभियान चलाया है। इस दौरान गल्ला मंडी प्रांगण में गुरुवार को 100 से अधिक भारी वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टर टेप लगाए गए। इस पहल का उद्देश्य घने कोहरे के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकना है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पूरे प्रदेश में ‘सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा’ थीम के तहत यह अभियान चलाया जा रहा है। निवाड़ी जिले में एसपी डॉ. रायसिंह नरवरिया के निर्देशन और एएसपी ज्योति ठाकुर के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। यातायात प्रभारी नीरज शर्मा ने अपने स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर, ट्रॉली, पिकअप और ट्रक जैसे 100 से अधिक वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टर टेप लगाए। ये रिफ्लेक्टर रात के समय और घने कोहरे में वाहनों को दूर से दृश्यमान बनाने में सहायता करते हैं, जिससे अनियंत्रित टक्करों और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आती है। अभियान के तहत किसानों और भारी वाहन चालकों के लिए एक विशेष यातायात नियम जागरूकता सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें सुरक्षित यात्रा के तरीके, सड़क सुरक्षा नियम, हेलमेट और रिफ्लेक्टर के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई। किसानों ने भी सड़क सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछे, जिनका उत्तर यातायात प्रभारी ने दिया। सभी को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर जागरूकता पंपलेट्स भी वितरित किए गए। नागरिकों से अपील की गई कि वे अपने बच्चों और परिवार को भी सुरक्षित सड़क व्यवहार के प्रति प्रेरित करें। इस पूरी कार्रवाई के दौरान यातायात स्टाफ में प्रधान आरक्षक सुनील, आरक्षक अमित पटेल, रविन्द्र, बालकृष्ण और जितेंद्र यादव मौजूद रहे।


