अजमेर में 2 साल पहले निवेशकों के लाखों रुपए लेकर फरार आरोपी गुलाबपुरा निवासी दीपक धवन को क्लॉक टावर थाना पुलिस गिरफ्तार ने कर लिया है। आरोपी को थाना क्षेत्र के फरार 10 आरोपियों की लिस्ट में शुमार किया गया था। एसपी वंदिता राणा, एडिशनल एसपी हिमांशु जांगिड़ के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपी का पता लगाया और गिरफ्तार किया है। आरोपी ने जेनेसिस एंड ग्रोथ माइक्रो फाइनेंस कंपनी का अधिकारी बनकर निवेशकों का धन हड़पा था। सोफिया कॉलेज धोलाभाटा निवासी महिला ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें कहा गया था कि उसने जेनेसिस एंड ग्रोथ माइक्रो फाइनेंस कंपनी में 30 लाख रुपए जमा करवाए थे। आरोपी दीपक ने यह रुपए हड़प कर लिए और फरार हो गया। बाद में आरोपी ने उससे छेड़छाड़ की और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने लगा। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन वह स्थान बदल-बदल कर फरारी काटता रहा। क्लॉक टावर थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम ने मुखबिर की मदद से आरोपी का पता लगाया और उसे भीलवाड़ा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी में कॉन्स्टेबल सुखराम और वल्लभ राम का विशेष योगदान रहा है।


