निहंग सिंह ने फेसबुक पर बंदूक समेत फोटो की अपलोड:प्रितपाल सिंह के खिलाफ मोगा में FIR, फोटो में पीछे बैठा निहंग सिंह आया सामने

पंजाब के मोगा में रहने वाले निहंग सिंह प्रितपाल सिंह खालसा ने फेसबुक पर बंदूक के साथ एक फोटो अपलोड की। मोगा पुलिस ने गन कल्चर को बढ़ावा देने के आरोप में प्रितपाल सिंह खालसा के खिलाफ थाना अजीतवाल में एफआईआर दर्ज कर दी। फोटो में मोटर साइकिल पर पीछे बैठा हुआ लुधियाना का निहंग सिंह परगट सिंह खालसा अब सामने आया है। उसने कहा है कि यह दो साल पुरानी आनंदपुर साहिब होला मोहल्ला की फोटो है और यह असली बंदूक नहीं बल्कि गुब्बारे फोड़ने वाली एयरगन है। उसका दावा है कि प्रितपाल सिंह व उसने गुब्बारे तोड़ने वाली बंदूक सिर्फ फोटो खिंचने के लिए मांगी थी और फिर दुकानदार को वापस कर दी थी। पुलिस ने अब दो साल बाद इसमें एफआईआर दर्ज की है जो कि सरासर गलत है। प्रितपाल सिंह खालसा और उसका परिवार भी यह बात कर है कि पुलिस ने यह झूठा मुकदमा दर्ज किया है। इसकी जांच नहीं की। यह फोटो दो साल पुरानी है और जो बंदूक उनके हाथ में है यह गुब्बारे फोड़ने वाली बंदूक है जो आनंदपुर साहिब होला मोहल्ला समागम के दौरान की है। मोगा पुलिस ने एफआईआर में लिखी यह कहानी मोगा पुलिस ने एफआईआर में कहा कि पुलिस नाके पर थी तो उन्हें किसी मुखबिर ने सूचना दी कि प्रितपाल सिंह खालसा ने फेसबुक पर बंदूक के साथ अपनी फोटो अपलोड की है। पुलिस ने जब फोटो चेक की तो उसमें प्रितपाल सिंह खालसा मोटर साइकिल पर बैठा है और उसके हाथ में एक बंदूक है। पुलिस ने लिखा है कि इस तरह बंदूक का प्रदर्शन करना जिला मजिस्ट्रेट के आदेशों की उल्लंघना है और गन कल्चर को बढ़ावा देना है। इसलिए प्रितपाल सिंह के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज होनी चाहिए। पुलिस ने मौके पर मौजूद एएसआई मोकम सिंह की शिकायत पर पर्चा दर्ज कर दिया है। पुलिस के एएसआई मोकम सिंह ने कहा कि सूचना मिलने के आधार पर कार्रवाई की गई है और यह जांच की जा रही है कि क्या उस फोटो में दिख रहा सामान वास्तव में उसकी अपनी बंदूक थी या नहीं। वेल्डिंग का काम करता है प्रितपाल सिंह प्रितपाल के परिवार ने बताया कि वह पेशे से वेल्डर है और उसके बच्चों की पढ़ाई सरकारी स्कूल में होती है। उन्होंने कहा कि वह गरीब परिवार से है और उसकी फोटो लगभग दो साल पुरानी है, जब वह आनंदपुर साहिब गया था और एक टोय (खिलौना) एयरगन/खेल बंदूक स्टॉल पर देखकर उसके साथ फोटो खिंचवाया था। उसने वह खिलौना बंदूक तभी वापस कर दी थी। उसने कभी न तो कोई बंदूक रखी है और न ही खरीदी है। पुलिस ने कार्रवाई की तो कोर्ट जाएंगे प्रितपाल सिंह के परिवार का कहना है कि पुलिस ने पर्चा रद्द नहीं किया और कोई कार्रवाई की तो वो इसके खिलाफ कोर्ट जाएंगे। उन्होंने कहा कि ये आरोप पूरी तरह से निराधार हैं और सिर्फ उन्हें परेशान करने के लिए यह एफआईआर दर्ज की है। परिवार का कहना दो साल पुरानी फोटो पर पुलिस को अब एफआईआर दर्ज करने की याद क्यों आई है। मैं गवाह हूं इस फोटो का, प्रितपाल को तंग न किया जाए निहंगों की एक जत्थेबंदी के जिला जत्थेदार परगट सिंह का कहना है कि प्रितपाल सिंह खालसा उनके दल का सदस्य है। इस फोटो में मोटर साइकिल पर पीछे मैं बैठा हूं। मैं इस पूरे मामले का गवाह हूं। उसने कहा कि मेले में गुब्बारे फोड़ने वाले के स्टॉल पर खिलौना बंदूक थी। उसी से लेकर फोटो खिंचवाई और उसके बाद वापस कर दी। उन्होंने कहा कि प्रितपाल सिंह खालसा को पुलिस तंग कर रही है जो सीधे तौर पर गलत है। उन्होंने कहा कि आनंदपुर साहिब में होला मोहल्ला के दौरान बड़ी संख्या में इस तरह के स्टॉल लगते हैं। पुलिस को पहले इसकी तहकीकात करनी चाहिए थी और फिर पर्चा दर्ज करना चाहिए था। इसे AK-47 या 12 बोर की बंदूक बनाकर पेश न किया जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *