जालंधर| मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी 2025 में एनआईओएस से एडिशनल बायोलॉजी उत्तीर्ण स्टूडेंट्स भी पात्र हो पाएंगे। लंबे समय से पात्रता शर्तों को लेकर उत्पन्न असमंजस को लेकर नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) ने स्पष्टीकरण जारी कर हजारों स्टूडेंट्स को राहत दी है। एनटीए द्वारा जारी किए गए नीट-यूजी 2025 इन्फॉर्मेशन बुलेटिन के नेशनल मेडिकल कमीशन रेगुलेशंस के अनुरूप नहीं होने को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। इस संबंध में एनएमसी में दायर आरटीआई एप्लीकेशन के प्रत्युत्तर में स्पष्टीकरण जारी किया है। एनआईओएस से डिग्री के संबंध में असमंजस के कारण से हर साल हजारों छात्र नीट यूजी में प्रवेश नहीं ले पाते हैं। कई छात्रों को डॉक्यूमेंट की जांच के दौरान छंटनी का भय बना रहने के कारण से अप्लाई ही नहीं करते हैं। ऐसी स्थिति में अब छात्र बेफिक्र होकर अप्लाई कर सकेंगे। एनआईओएस से एडिशनल सब्जेक्ट के रुप में नीट की योग्यता मापदंड पूरे हो पाएंगे। अब एनआईओएस के छात्र भी एमबीबीएस के लिए आवेदन कर सकते हैं, लेकिन ध्यान रखना जरूरी है कि वे सभी एमएमसी द्वारा तय किए गए मानकों को पूरा करें। यदि कोई छात्र 12वीं में जीव विज्ञान नहीं ले पाया है, लेकिन बाद में एनआईओएस से जीवविज्ञान विषय लेकर पढ़ाई की है, तो उसे आवेदन की पात्रता को लेकर अभी और स्पष्टता की जरूरत होगी। आरटीआई अधिनियम, 2005 की धारा 2 (एफ) के अनुसार एनआईओएस मार्कशीट की मान्यता को लेकर कोई सीधा उत्तर नहीं दिया गया है। आमतौर पर एनआईओएस मार्कशीट भारत और विदेश दोनों जगहों पर आगे की पढ़ाई और रोजगार के लिए मान्य मानी जाती है। आगामी दिनों में एनएमसी की ओर से स्पष्ट नोटिफिकेशन जारी होने की संभावना है। वहीं, इस बार नीट यूजी में फेस रिकॉग्नाइजेशन सिस्टम लागू कर दिया है। आधार अपडेट करा आवेदन करना सही रहेगा। अगर केंद्र पर चेहरा नहीं मिलेगा तो परीक्षा देने से रोक दिया जाएगा। एनटीए फर्जीवाड़ा रोकने और डमी कैंडिडेट्स को एग्जाम में शामिल होने से रोकने के लिए यह उपाय किया है। यह चेहरे की पहचान संबंधी तकनीक बायोमेट्रिक निगरानी की नवीनतम पहल है, जिसके तहत परीक्षार्थियों की पहचान करने के लिए शारीरिक विशेषताओं का इस्तेमाल किया जाता है। इसी कारण एनटीए आधार को अपडेट करने को कहा है। एनटीए ने नीट यूजी के अभ्यर्थियों से आधार अपडेट कराने का आग्रह किया है। वहीं आधार अपडेट नहीं होने से आवेदन करने में छात्र परेशान हो रहे हैं। आधार अपडेट नहीं होने आवेदन की प्रक्रिया भी धीमी है।


