नीमकाथाना में एडीएम भगीरथ शाख ने विभिन्न सरकारी संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई गंभीर खामियां सामने आईं। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय महावा में पिछले दो महीने से मिड-डे मील का संचालन बंद मिला। विद्यालय में 11 फरवरी से 22 अप्रैल तक पोषाहार नहीं बनाया गया। यहां मिड-डे मील के मैन्यू का अंकन भी नहीं किया गया था। इस मामले में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति भी चिंताजनक मिली। उप स्वास्थ्य केंद्र महावा और आयुर्वेदिक चिकित्सालय दोनों में ताला लगा हुआ था। दोनों मामलों में संबंधित अधिकारियों को राजस्थान सीसीए नियमों के तहत विभागीय कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है। आंगनवाड़ी केंद्र महावा-बी की स्थिति बेहतर मिली। केंद्र पर 8-10 बच्चे मौजूद थे और स्टाफ भी उपस्थित था। व्यवस्थाएं सामान्य पाई गईं। ग्राम पंचायत महावा में कनिष्ठ सहायक अनिल कुमार मीणा बिना सूचना के अनुपस्थित मिले। उनके द्वारा 22 अप्रैल को भी उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर नहीं किए गए थे। विकास अधिकारी को इस मामले में विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।


