नीमच जिला पुलिस ने इनामी अंतरराज्यीय तस्कर शौकीन धाकड़ को गिरफ्तार किया है। आरोपी मध्य प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा में कई तस्करी के मामलों में वांटेड था। जो लंबे समय से फरार चल रहा था। वहीं आरोपी की गिरफ्तारी के बाद शनिवार शाम को नीमच पुलिस कंट्रोल रूम पर एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इसमें एसपी अंकित जायसवाल ने आरोपी के बारे में जानकारी दी। शौकीन धाकड़ पर कुल 11 प्रकरण दर्ज हैं। मध्यप्रदेश, राजस्थान और हरियाणा के 7 एनडीपीएस एक्ट और अपहरण के मामलों में वह फरार चल रहा था। शौकीन की गिरफ्तारी को साइबर सेल नीमच और रतनगढ़ थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया है। साइबर पुलिस टीम ने 2 माह तक अलग अलग ठिकानों पर दबिश दी, जिसके बाद आरोपी गिरफ्तार किया गया। आरोपी शौकीन धाकड़ बाड़मेर, भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ में रहकर फरारी काट रहा था। इस दौरान वह अलग-अलग मोबाइल नंबरों का उपयोग कर ठिकाने बदलता रहा। कार्रवाई को अंजाम देने वाली साइबर सेल की टीम को एसपी ने सम्मानित किया। कॉन्फ्रेंस में एडिशनल एसपी अंकित नवल सिंह सिसोदिया सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।


