मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप, नीमच जिले में जैविक खेती और शुद्ध खाद्य सामग्री को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को साप्ताहिक जैविक हाट का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन, नगरपालिका और कृषि विभाग के संयुक्त तत्वावधान में दशहरा मैदान स्थित टाउनहॉल के पास यह हाट दूसरी बार लगाया गया, जो सुबह से शाम तक चला। उप संचालक कृषि पी.सी. पटेल ने बताया कि इस हाट बाजार में जैविक तरीके से उत्पादित सब्जियां, फल, अनाज, दालें और मसाले सहित अन्य शुद्ध उत्पाद विक्रय के लिए उपलब्ध थे। शुद्ध एवं रसायनमुक्त उत्पाद मिलने से नागरिकों में खासा उत्साह देखा गया। इस हाट का मुख्य उद्देश्य लोगों को जैविक उत्पादों की ओर प्रेरित करना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस बार के हाट बाजार में किसान सखियों ने भी सक्रिय सहभागिता की। उन्होंने उपभोक्ताओं को जैविक खेती के लाभ, उत्पादों की पहचान और उनके उपयोग के बारे में विस्तृत जानकारी देकर प्रेरित किया। यह पहल किसानों को अपने उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाकर उचित मूल्य प्राप्त करने का अवसर प्रदान कर रही है। इस आयोजन से उपभोक्ताओं को ताजे, शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण जैविक उत्पाद एक ही स्थान पर मिल रहे हैं। जिला प्रशासन इस पहल को निरंतर जारी रखने की योजना बना रहा है, ताकि जैविक उत्पादों को बढ़ावा मिल सके।


