नीमच सिटी पुलिस ने नकली नोट बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 500-500 रुपए के कुल 50 हजार रुपए के जाली नोट जब्त किए हैं। यह कार्रवाई शुक्रवार दोपहर सिटी थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि गिरोह का मास्टरमाइंड फरार हो गया है। गोपनीय सूचना पर हुई नाकाबंदी थाना प्रभारी पुष्पा सिंह चौहान के नेतृत्व में, साइबर सेल की सहायता से कार्रवाई को अंजाम दिया गया। गुरुवार को उपनिरीक्षक लक्ष्मण सिंह राठौड़ को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ईश्वर खारोल नकली 500 के नोट छापकर बाजार में खपाने आने वाला है। सूचना के आधार पर नाकाबंदी की गई और आरोपी ईश्वर पिता वर्दीचंद खारोल निवासी सरजना को गिरफ्तार कर उसके पास से 50 हजार रुपए के जाली नोट बरामद किए गए। घर पर चल रहा था नकली नोटों का धंधा पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि वह अपने साथी सुनील पिता श्यामदास वैरागी निवासी सरजना के साथ मिलकर घर पर ही नकली नोट छापता था। पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी सुनील ही इस गिरोह का मुख्य सरगना है और नोट छापने तथा खपाने दोनों में उसकी भूमिका अहम रही है। उसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पेट्रोल पंप पर चलाए थे नकली नोट थाना प्रभारी पुष्पा चौहान के अनुसार, आरोपियों ने हाल ही में यह काम शुरू किया था। दो दिन पहले उन्होंने 500-500 रुपये के दो नकली नोट पेट्रोल पंप पर चलाए। जब नोट आसानी से चल गए तो दोनों ने और नोट छापने शुरू कर दिए। फरार मास्टरमाइंड की तलाश जारी पुलिस का कहना है कि सुनील वैरागी की गिरफ्तारी के बाद गिरोह के अन्य ठिकानों और पहले बाजार में खपाए गए नकली नोटों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई तेजी से कर रही है।


