नीमच में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर एक माह का विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया गया। पुलिस कंट्रोल रूम से विधायक दिलीप सिंह परिहार ने शुक्रवार को एनसीसी कैडेट्स की जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर एएसपी नवल सिंह सिसोदिया, सीएसपी अभिषेक रंजन और यातायात प्रभारी उर्मिला चौहान सहित केंट, बघाना और सिटी थाना प्रभारी मौजूद रहे। ‘परवाह’ थीम के तहत चलने वाले इस अभियान में एनसीसी कैडेट्स ने यातायात जागरूकता से जुड़ी तख्तियां लेकर मार्च किया। इस दौरान आम नागरिकों और राहगीरों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। यह विशेष अभियान एक महीने तक चलेगा। जिसका मुख्य उद्देश्य सड़क हादसों को कम करना और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।


