नीमच सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम अरनिया मानगिर में पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक ने आत्महत्या कर ली। यह घटना गुरुवार रात करीब 8 बजे हुई, जब युवक ने अपने कानाखेड़ा स्थित खेत पर पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या। मृतक की पहचान 37 वर्षीय किशोर पिता सोहनलाल नायक के रूप में हुई है, जो ग्राम अरनिया मानगिर का निवासी था। जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम को किशोर का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। किशोर शाम करीब 7:30 बजे घर से खेत जाने की बात कहकर निकला था। कुछ देर बाद परिजनों को घटना की जानकारी मिली। वे तुरंत खेत पर पहुंचे और युवक को जिला चिकित्सालय नीमच लेकर आए।अस्पताल में डॉक्टर ने जांच के बाद किशोर को मृत घोषित कर दिया। मृतक अपने पीछे एक बेटी और एक बेटे को छोड़ गया है। हालांकि, पति-पत्नी के बीच विवाद का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। नीमच सिटी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार दोपहर को जिला चिकित्सालय नीमच में परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमॉर्टम किया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


