धार में भारतीय किसान संघ का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे कलेक्टर कार्यालय पहुंचा और कलेक्टर प्रियंक मिश्रा से मुलाकात कर किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि जिले में घोड़ा रोज (नीलगाय) के कारण किसानों की फसलों को भारी नुकसान हो रहा है। संघ ने मांग की कि इन जानवरों को पकड़कर सुरक्षित अभ्यारण्यों में छोड़ा जाए, ताकि फसलों को होने वाले नुकसान से राहत मिल सके। गेहूं उपार्जन को लेकर भी संघ ने कई मांगें रखीं। इसमें साइलो के माध्यम से खरीदी, वेयरहाउस में बड़े तोल कांटे से ट्रॉली तौलकर हाइड्रोलिक प्रक्रिया अपनाने और पर्याप्त संख्या में हम्माल उपलब्ध कराने की मांग शामिल है, ताकि किसानों की उपज उसी दिन तौली जा सके। खड़ी फसल में लगा रहे पोल, फसल हो रही बर्बाद इसके अलावा संघ ने जिले में बिछाई जा रही हाई टेंशन (झूमर) लाइनों का मुद्दा भी उठाया। बताया गया कि ठेकेदार किसानों की खड़ी फसल में पोल गाड़कर तार खींच रहे हैं, लेकिन नुकसान के बदले कोई मुआवजा नहीं दिया जा रहा। संघ ने मांग की कि कार्य शुरू करने से पहले किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए। इस दौरान प्रदेश मंत्री राजेंद्र शर्मा, प्रांत मंत्री महेश ठाकुर, प्रांत सदस्य मोहन पाटीदार, पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र पाटीदार, जिला मंत्री अमोल पाटीदार, कोषाध्यक्ष राधेश्याम बडगोता, हर्ष रघुवंशी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।


