नीलांबर-पीतांबर विवि व महाविद्यालयों में अव्यवस्था, झारखंड छात्र मोर्चा ने दिया ज्ञापन

भास्कर न्यूज | गढ़वा नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय और इसके अंतर्गत संचालित गढ़वा जिले के प्रमुख सरकारी महाविद्यालयों में व्याप्त शैक्षणिक अव्यवस्था को लेकर झारखंड छात्र मोर्चा गढ़वा इकाई ने विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया है। संगठन की ओर से कुलपति को ज्ञापन सौंपते हुए विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों की बदहाल शैक्षणिक स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। ज्ञापन में कहा गया कि प्रमंडल का एकमात्र सरकारी विश्वविद्यालय होने के बावजूद नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था लगातार गिरती जा रही है। समय पर कक्षाओं का संचालन नहीं होना, परीक्षाओं में अत्यधिक विलंब तथा परिणाम घोषित करने में अनावश्यक देरी से हजारों छात्र-छात्राओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। संगठन ने सभी पाठ्यक्रमों का शैक्षणिक सत्र नियमित करने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उत्तरपुस्तिकाओं की जांच किसी सक्षम व मान्यता प्राप्त अन्य विश्वविद्यालय से कराने की मांग की। गढ़वा जिले के नामधारी महाविद्यालय एवं मॉडल डिग्री महाविद्यालय की स्थिति पर विशेष चिंता जताते हुए छात्र मोर्चा ने कहा कि कक्षाओं की अनियमितता, आधारभूत सुविधाओं का अभाव और प्रशासनिक उदासीनता से छात्र लगातार परेशान हैं। दोनों महाविद्यालयों की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी पदाधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की गई। इसके अलावा गैर सरकारी महाविद्यालयों द्वारा छात्रों से अतिरिक्त शुल्क वसूलने के बावजूद नामांकन और पंजीयन प्रक्रिया पूरी नहीं करने के मामलों को गंभीर बताते हुए दोषियों पर सख्त दंड की मांग की गई। संगठन ने प्रभावित छात्रों को मॉडल डिग्री महाविद्यालय में नामांकन का अवसर देने की भी मांग रखी। जिलाध्यक्ष निशांत चतुर्वेदी ने कहा कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन समय रहते ठोस कदम नहीं उठाता है, तो झारखंड छात्र मोर्चा आंदोलन के लिए बाध्य होगा। मौके पर सचिव विकास चंद्रवंशी, कोषाध्यक्ष सूरज तिवारी, सह संगठन सचिव विक्की रौशन आदि उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *