नेताओं की क्लास:राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री और प्रदेश प्रभारी की मौजूदगी में कार्यक्रम तय

भाजपा के प्रदेश कार्यालय में बुधवार को मंत्रियों की क्लास लगी। राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश और प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन ने बारी- बारी से मंत्रियों को अपने कक्ष में बुलाकर परफार्मेंस ऑडिट की। इस दौरान मंत्रियों से उनके कामकाज की रिपोर्ट ली गई। साथ ही उनके खिलाफ आ रही शिकायतों पर भी जवाब तलब किया गया। बताया जा रहा है कि शिव प्रकाश और नितिन नबीन की क्लास में कुछ मंत्रियों को फटकार लगी है। उनको परफार्मेंस सुधारने की नसीहत भी दी गई है।
मंत्रियों के साथ संगठन की इस मैराथन बैठक को मंत्रिमंडल में फेरबदल से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के बाद ही राज्य में मंत्रिमंडल में फेरबदल या विस्तार होगा। दरअसल, प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में मंत्रियों से दो बार वन टू वन बातचीत हुई। पहले क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय और प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने मंत्रियों से बात की। इसके बाद शिव प्रकाश और प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन ने मंत्रियों के साथ वन टू वन मीटिंग की। इसलिए लगी मंत्रियों की क्लास: राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद से साय मंत्रिमंडल के कुछ मंत्रियों के कामकाज को लेकर लगातार संगठन के पास शिकायतें पहुंच रही थीं। शिकायत करने वालों में कार्यकर्ता भी शामिल हैं। जिनकी आम शिकायत यह थी कि प्रदेश में सरकार बनने के बाद भी उनकी पूछ परख नहीं है। कुछ मंत्री मिलने तक का समय नहीं देते। दूसरी तरफ, कुछ मंत्रियों पर भ्रष्टाचार करने वालों को संरक्षण देने के भी आरोप लग रहे थे। इससे सरकार की छवि पर असर पड़ रहा था। इसे देखते हुए संगठन ने मंत्रियों की परफार्मेंस ऑडिट के जरिए उनको सख्त चेतावनी दी है। फिजूल की बयानबाजी से बचें विधायक
इससे पहले विधायक दल की बैठक में भी राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने मंत्रियों को भाषा पर संयम रखने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि विषय की जानकारी नहीं होने पर फिजूल की बयानबाजी से बचे। समीक्षा के साथ ही आगामी कार्यक्रम पर भी हुई चर्चा
प्रदेश कार्यालय में शिव प्रकाश और नितिन नबीन की मौजूदगी में आगामी कार्यक्रम तय किए गए। सबसे पहले संगठनात्मक कार्यक्रमों, योजनाओं और उपलब्धियों की समीक्षा की गई। इस दौरान अहिल्याबाई होल्कर जयंती और संकल्प से सिद्धि: 11 साल बेमिसाल अभियान समिति की साथ बैठक हुई। इसके बाद विधायक दल के साथ मीटिंग हुई। दरअसल, प्रदेश में 9 जून से संकल्प से सिद्धि: 11 साल बेमिसाल अभियान चल रहा है। इस दौरान प्रदर्शनी, प्रोफेशनल मीट, घर-घर संपर्क, गोष्ठियां आदि के कार्यक्रम चरणबद्ध तरीके से किए जा रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *