बुरहानपुर जिले के नेपानगर क्षेत्र में एक 56 वर्षीय व्यक्ति का शव जंगल में मिला है। यह व्यक्ति पिछले तीन दिनों से लापता था। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत बाकड़ी के जंगल में स्थित एक खेत में शनिवार को खूम सिंह पिता मीठाराम सोलंकी निवासी ग्राम बाकड़ी का शव मृत अवस्था में पाया गया। नेपानगर थाना प्रभारी ज्ञानु जायसवाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नेपानगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने बताया कि खूम सिंह तीन दिनों से घर से बिना बताए लापता थे। मृतक के बेटे नंदराम ने पुलिस को दिए बयान में किसी भी प्रकार की शंका से इनकार किया है। फिलहाल, नेपानगर पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर काफी संख्या में लोग जमा हो गए। बताया गया है कि शव जंगल में सुबला नामक व्यक्ति के खेत में मिला था।


