नेपानगर में नगर पालिका की टीम ने रविवार को मातापुर बाजार में साप्ताहिक हाट और दुकानों पर पॉलीथिन जब्ती अभियान चलाया। इस कार्रवाई में बाहर से आया एक फुटकर व्यापारी लगभग 60 किलो पॉलीथिन मौके पर छोड़कर भाग गया। टीम ने कुल डेढ़ क्विंटल पॉलीथिन जब्त कर साढ़े आठ हजार रूपए का जुर्माना वसूला। एक दिन पहले, मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) शैलेंद्र सिंह चौहान ने आदेश जारी कर दो दल बनाए और 32 कर्मचारियों की ड्यूटी तय की थी। इसके बाद रविवार को टीम ने हाट बाजार में जाकर यह बड़ी कार्रवाई अंजाम दिया। 8 दुकानों पर की गई जांच कार्रवाई के दौरान आठ दुकानों की जांच की गई और डेढ़ क्विंटल अमानक पॉलीथिन जब्त की गई। इससे पहले नगर पालिका ने व्यापारियों को कई बार सूचित किया था कि अमानक पॉलीथिन का उपयोग और विक्रय पूरी तरह प्रतिबंधित है। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया गया, लेकिन इसके बावजूद सुधार नहीं हुआ। नगर निगम जनसंपर्क अधिकारी नरेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि सीएमओ शैलेंद्र चौहान के निर्देश पर राजस्व अधिकारी दिलीप चौहान के नेतृत्व में कार्रवाई अभियान चलाया गया। टीम ने बाजार का भ्रमण किया और बाहर से आए थोक विक्रेताओं के पास से बड़ी मात्रा में प्लास्टिक बैग जब्त किए।


