नेपानगर: जमाकर्ताओं ने विधायक से की पैसे वापसी की मांग:नागरिक साख सहकारी संस्था घोटाले के बाद लाखों रुपए नहीं मिल रहे

बुरहानपुर के नेपानगर में नागरिक साख सहकारी संस्था मर्यादित के जमाकर्ताओं ने गुरुवार रात विधायक मंजू दादू से मुलाकात कर अपना जमा पैसा वापस दिलाने की मांग की। जमाकर्ताओं का आरोप है कि संस्था में लाखों रुपए फंसे हुए हैं और लगभग साढ़े आठ करोड़ रुपए का घोटाला भी उजागर हुआ था। यह मुलाकात नेपानगर के मातापुर बाजार स्थित भाजपा कार्यालय में हुई। इस संस्था में नेपा मिल के सेवानिवृत्त कर्मचारियों सहित अन्य कई लोगों का लाखों रुपए जमा है। जमाकर्ता पिछले कई सालों से अपने पैसे वापस पाने के लिए सहकारी संस्था के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें उनका पैसा नहीं मिल पा रहा है। कुछ जमाकर्ताओं ने संस्था में फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) भी करा रखी थी। जमाकर्ताओं का कहना है कि घोटाले के बाद से न तो उन्हें मूलधन वापस मिला है और न ही कोई ब्याज। जब वे पैसे की मांग करते हैं, तो उन्हें बताया जाता है कि अभी वसूली नहीं हुई है। विधायक मंजू दादू ने जमाकर्ताओं की समस्याओं को सुना। उन्होंने सहकारिता विभाग के अधिकारियों से इस संबंध में चर्चा की है और उन्हें 22 जनवरी को इस मुद्दे पर बातचीत के लिए बुलाया है। एक जमाकर्ता निरंजन चड़ोकर ने अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि उन्होंने पैसा जमा किया था और एफडी भी कराई थी, लेकिन घोटाले के बाद से उन्हें कुछ नहीं मिला। उन्होंने कहा कि आज तक कहीं भी सुनवाई नहीं हुई। एक अन्य महिला जमाकर्ता ने बताया कि उनके पति का ऑपरेशन हुआ है और आंखों में संक्रमण है, लेकिन सहकारी संस्था में जमा पैसा वापस न मिलने के कारण वे इलाज नहीं करा पा रही हैं। अन्य पीड़ितों ने भी इसी तरह की गुहार लगाई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *