बुरहानपुर जिले के नेपानगर में शनिवार शाम को वार्ड नंबर 18 स्थित एकता नगर में कुत्तों ने एक के बाद एक चार लोगों पर हमला कर दिया। इन घटनाओं में एक महिला और तीन साल की मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हुई हैं। बच्ची की हालत नाजुक होने पर उसे इलाज के लिए औरंगाबाद रेफर किया गया है। एकता नगर निवासी प्रणय गवली ने बताया कि शनिवार शाम उनकी पत्नी अंजलि गवली पर अचानक एक कुत्ते ने हमला कर दिया और उनके पैर में गहरा घाव कर दिया। परिजनों ने उन्हें तुरंत बुरहानपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। इसी इलाके में कुछ ही देर बाद एक तीन साल की बच्ची के चेहरे पर कुत्ते ने हमला कर दिया, जिससे उसके चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। परिजन घबराए हुए बच्ची को लेकर औरंगाबाद रवाना हो गए।
एक दिन में चार लोगों पर हमला, लोगों में दहशत इसी दौरान कुत्तों के हमले में दो अन्य युवक भी घायल हो गए। एक ही दिन में चार लोगों पर हमले की घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम ढलते ही बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है, खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए हालात और भी डरावने हैं। निवासियों का आरोप है कि यह समस्या सिर्फ एकता नगर तक सीमित नहीं है। नेपानगर के सभी 24 वार्डों में लोग लंबे समय से आवारा कुत्तों के आतंक से परेशान हैं, लेकिन नगर पालिका की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द कुत्तों को पकड़ने का स्थायी और प्रभावी अभियान चलाया जाए। हालांकि स्थानीय का आरोप नगर पालिका नहीं देता ध्यान
घटना के बाद रविवार दोपहर नगर पालिका की टीम डंडे लेकर एकता नगर पहुंची और कुत्तों को वहां से भगाया। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे समस्या का समाधान नहीं होगा। नगर पालिका अध्यक्ष भारती विनोद पाटील ने इन घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि नगर में आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए जल्द अभियान शुरू किया जाएगा। लोगों का कहना है कि जब तक ठोस कार्रवाई नहीं होगी, तब तक हादसों का डर बना रहेगा। अब सभी की नजरें नगर पालिका की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।


