बुरहानपुर के नेपानगर में बुधवार शाम कक्षा 9वीं की एक नाबालिग छात्रा ने जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में उसे बुरहानपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, नेपा थाना क्षेत्र के एक वार्ड की रहने वाली छात्रा ने बुधवार शाम अज्ञात जहरीला पदार्थ खा लिया था। परिजन उसे तत्काल बुरहानपुर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान रात में उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी गुरुवार सुबह नेपा थाना पुलिस को मिली। थाना प्रभारी ज्ञानू जायसवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और छात्रा से जुड़े दो अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर पड़ताल की। जहरीले पदार्थ और कारण की जांच जारी टीआई ज्ञानू जायसवाल ने बताया कि छात्रा ने कौन सा जहरीला पदार्थ खाया था और उसने यह कदम क्यों उठाया, इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस पूरी सतर्कता के साथ जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


