नेपाल से टमाटर वाहन में चरस लाने वाला तस्कर गिरफ्तार:शिवपुरी पुलिस ने सीतापुर से पकड़ा; पांच महीने से फरार था

शिवपुरी पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय चरस तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने नेपाल से चरस लाकर टमाटर वाहन की आड़ में भारत में बेचने वाले फरार तस्कर शिवम उर्फ मोहन ठाकुर को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से सब्जी परिवहन की आड़ में मादक पदार्थों की तस्करी कर रहा था। थाना देहात प्रभारी जितेंद्र मावई ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देश पर एनडीपीएस मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी अभियान के तहत आरोपी शिवम उर्फ मोहन ठाकुर को उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किया गया आयशर डीसीएम वाहन भी जब्त कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी शिवम उर्फ मोहन ठाकुर नेपाल से चरस की खेप लाता था। वह इसे टमाटर से भरे आयशर डीसीएम वाहन में छिपाकर भारत लाता और मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में सप्लाई करता था। इससे पहले, आरोपी शिवपुरी जिले में चरस की एक बड़ी खेप खपाकर फरार हो गया था। सीतापुर से पकड़ा गया आरोपी
इस नेटवर्क का खुलासा 4 सितंबर 2025 को हुआ, जब थाना देहात पुलिस ने कोटा-झांसी फोरलेन पर मझेरा गांव के पास चरस खरीदने वाले आरोपी संदीप सिंह सिख को गिरफ्तार किया। संदीप के पास से 6 करोड़ 21 लाख रुपए कीमत की 30 किलो 295 ग्राम चरस बरामद हुई थी। पूछताछ में संदीप ने बताया था कि यह चरस उसे टमाटर वाहन चालक शिवम उर्फ मोहन ठाकुर ने सप्लाई की थी। संदीप सिंह के खुलासे के बाद से ही मुख्य तस्कर शिवम उर्फ मोहन ठाकुर फरार चल रहा था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर तंत्र और लगातार दबिश के बाद उसे सीतापुर से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से आयशर डीसीएम वाहन क्रमांक यूपी 41 एटी 9732 भी जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब आरोपी को रिमांड पर लेकर इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *