भास्कर न्यूज | जशपुरनगर जशपुर जिले के छोटे से गांव बाम्हनमारा की बेटी सीमा तिग्गा ने राष्ट्रीय मंच पर अपनी ताकत और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन किया है। हाल ही में बालोद जिले के दल्ली राजहरा में आयोजित ‘सीएम ट्रॉफी ओपन नेशनल बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप’ में उन्होंने देशभर के दिग्गज खिलाड़ियों को कड़ी टक्कर देते हुए टॉप-5 में स्थान बनाया और चौथा स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि से जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है। विकासखंड फरसाबहार के ग्राम बाम्हनमारा (तपकरा) की निवासी सीमा तिग्गा ने यह साबित कर दिया कि मजबूत इरादों के सामने संसाधनों की कमी बाधा नहीं बनती। 31 जनवरी से 1 फरवरी तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में उन्होंने महिला बॉडी बिल्डिंग वर्ग में भाग लिया। बेहतरीन फिजीक, अनुशासित दिनचर्या और कठोर प्रशिक्षण के दम पर उन्होंने निर्णायकों और दर्शकों को प्रभावित किया। सीमा तिग्गा बहुमुखी प्रतिभा की धनी खिलाड़ी हैं। वर्ष 2025 में उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पॉवरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी क्षमता का परिचय दिया था। इस वर्ष उन्होंने पहली बार महिला बॉडी बिल्डिंग में कदम रखा और पहले ही प्रयास में राष्ट्रीय स्तर पर चौथा स्थान प्राप्त कर अपनी नई पहचान बनाई। खेल विशेषज्ञों ने उनके प्रदर्शन को बेहद प्रभावशाली बताया है। सीमा तिग्गा केवल एक खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार कर्मचारी भी हैं। वे वर्तमान में जशपुर के चिकित्सा विभाग में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत सचिवीय सहायक के पद पर कार्यरत हैं। नौकरी की जिम्मेदारियों के साथ नियमित अभ्यास और फिटनेस पर ध्यान देना उनकी मेहनत और समर्पण को दर्शाता है। सीमा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच राजेश कुमार भगत को दिया है। उन्होंने कहा कि कोच के मार्गदर्शन, अनुशासित प्रशिक्षण और निरंतर प्रोत्साहन के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी। सीमा की यह सफलता जिले की अन्य युवतियों के लिए प्रेरणा बन गई है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का साहस रखती हैं। इस उपलब्धि पर बालोद नगर पालिका अध्यक्ष तोरण लाल साहू और छत्तीसगढ़ टीम के कोच एवं वीर हनुमान सिंह अवार्ड से सम्मानित एम. हरिनाथ ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। जशपुर के जनप्रतिनिधियों और खेल प्रेमियों ने भी इसे जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है।


