सीहोर जिले के बुदनी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बोरखेड़ा में नेशनल हाईवे निर्माण के दौरान किसानों की खड़ी फसल पर जेसीबी चला दी गई। यह कार्रवाई प्रशासन की मौजूदगी में ठेकेदार द्वारा की गई, जिसके बाद किसान भड़क गए और मौके पर विरोध शुरू कर दिया। किसानों का कहना है कि बिना उचित मुआवजा दिए उनकी फसल नष्ट कर दी गई। किसानों ने आरोप लगाया कि गांव के करीब 70 प्रतिशत किसानों को अब तक जमीन अधिग्रहण का मुआवजा नहीं मिला। जिन्हें मिला है, उन्हें सिर्फ जमीन का पैसा दिया गया, फसल का नहीं। किसानों का कहना है कि जब तक बोई गई फसल का मुआवजा नहीं मिलता, वे निर्माण कार्य नहीं रुकने देंगे। अधिकारी बोले– मुआवजा दिया जा रहा मौके पर मौजूद राजस्व अधिकारी सुधीर कुशवाहा ने कहा कि किसानों के खातों में मुआवजा जमा किया जा रहा है। जिन किसानों को अभी नहीं मिला है, वे कार्यालय में संपर्क करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि खड़ी फसल के लिए अलग से मुआवजा देने का प्रावधान नहीं है। किसानों ने कहा कि फसल से ही घर चलता है। हम अपनी फसल मिटने नहीं देंगे।


