कांकेर जिले के चारामा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह नेशनल हाईवे-30 पर एक सड़क हादसा हुआ। ग्राम रतेसरा के पास दो ट्रकों की आमने-सामने की टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना सुबह करीब 3 बजे हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के कारण नेशनल हाईवे-30 पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई और सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग और चारामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने और यातायात बहाल करने का प्रयास शुरू किया। पुलिस द्वारा जेसीबी और अन्य भारी मशीनों की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रकों को सड़क से हटाने का काम किया जा रहा है, ताकि यातायात सामान्य हो सके। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतकों की पहचान के साथ-साथ आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है। गौरतलब है कि इसी स्थान पर दो दिन पहले भी एक युवक की कार की चपेट में आने से मौत हो चुकी है। इस घटना ने क्षेत्र में सड़क सुरक्षा व्यवस्था और दुर्घटनाओं की रोकथाम पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


