नेशनल हाईवे 343 की दुर्दशा, युकां ने किया चक्काजाम:अंबिकापुर-गढ़वा रोड़ चलने लायक नहीं बची, 10 दिनों में मरम्मत का मिला आश्वासन

नेशनल हाईवे-343 की खस्ताहाल स्थिति के विरोध में युवा कांग्रेस ने बुधवार को रैली निकाली। राजपुर में नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। करीब आधे घंटे तक चक्काजाम के बाद नेशनल हाईवे के अधिकारियों ने 10 दिन में सड़क मरम्मत कराने का आश्वासन दिया, तब चक्काजाम खत्म हुआ। नेशनल हाईवे-343 पूरी तरह से उखड़ चुकी है। जिसमें आए दिन हादसे हो रहे हैं। बारिश के शुरू होने के बाद नेशनल हाईवे-343 जानलेवा हो गई है। राजपुर से पस्ता के बीच गड्ढों में सड़क खोजनी पड़ रही है। अंबिकापुर से राजपुर के बीच गड्ढों को भरने का काम शुरू किया गया है। नेशनल हाईवे की कई माह से खस्ताहालत के बाद भी विभाग ने सुधार में तत्परता नहीं दिखाई। इस मार्ग पर आए दिन हादसे हो रहे हैं। इसके विरोध में युवक कांग्रेस ने बुधवार को चक्काजाम का आह्वान किया था। तहसील के सामने चक्काजाम, जमकर नारेबाजी युवा कांग्रेस के आह्वान पर कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष सुनील सिंह सहित युवक कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष मुजस्समा नजर, जिला अध्यक्ष बृजेश यादव के नेतृत्व में युवक कांग्रेस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली। तहसील कार्यालय के सामने चक्काजाम कर दिया। युकां के प्रदर्शन को देखते हुए एसडीओपी याकूब मेमन के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। 10 दिनों में सड़क सुधारने का आश्वासन प्रदर्शनकारियों ने कहा कि, सड़क की इतनी दुर्दशा हो गई है कि रात्रिकालीन यात्री बसें भी प्रतापपुर से सेमरसोत होते हुए चल रही हैं। इसके कारण राजपुर के यात्री परेशान हो रहे हैं। गड्ढों के कारण रोज हादसे हो रहे हैं। विभाग इसकी लगातार अनदेखी कर रहा है। एनएच के एसडीओ निखिल लकड़ा ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा की और बताया कि उक्त सड़क पर करीब 15 सालों तक कोई बड़ा काम नहीं हुआ है, इसलिए यह दुर्गति हुई है। कुछ दिनों पूर्व भारी बारिश हुई है। इससे गड्ढे बढ़ गए हैं। अंबिकापुर से राजपुर तक बड़े बड़े गड्ढों को भर दिया गया है। राजपुर से पास्ता पाढ़ी तक अगर बारिश नहीं हुई तो 4 दिनों के अंदर भर दिया जाएगा। 10 दिनों में सड़क को बहुत अच्छी तरह से चलने योग्य बना दिया जाएगा। एसडीएम देवेंद्र प्रधान ने कहा कि 10 दिनों में सड़क रिपेयरिंग का आश्वासन दिया गया है, सड़क रिपेयरिंग कार्य की मॉनिटरिंग की जाएगी। बारिश के बाद शुरू होगा नवनिर्माण नेशनल हाईवे-343 पर अंबिकापुर से रामानुजगंज तक 110 किलोमीटर में सेमरसोत अभ्यारण को छोड़कर शेष सड़क को टू लेन बनाने का टेंडर जारी किया गया है। इसके लिए भूमि अधिग्रहण और फॉरेस्ट क्लीयरेंस की प्रक्रिया पूरी हो गई है। पेड़ों की कटाई भी तेजी से की जा रही है। बारिश के बाद नवनिर्माण शुरू हो जाएगा। इसमें बड़कीमहरी से रामानुजगंज खंड में 199.5 करोड़ रुपए की लागत से 29.43 किमी सड़क और अंबिकापुर से रजपुरीखुर्द पाढ़ी खंड में 397.44 करोड़ रुपए की लागत से 49 किमी सड़क निर्माण का कार्य होगा। इस मार्ग पर हाथियों और जंगली जानवरों की क्रॉसिंग के लिए पांच अंडरपास भी बनेंगे। वर्तमान में अंबिकापुर से रामानुजगंज तक नेशनल हाईवे को टू लेन बनाने का प्रस्ताव है। इसके लिए 10 मीटर चौड़ी सड़क बनाई जाएगी। इसमें पेवर का कार्य भी शामिल है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *