भास्कर न्यूज | बालोद शहर में नेशनल हाईवे 930 के दोनों ओर हुए अतिक्रमण हटाने को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य झलमला मुख्य चौक से पर्यावरण पार्क तक अवैध कब्जों को हटाकर शहर को सुव्यवस्थित बनाना था। चर्चा के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग द्वारा चिन्हित अतिक्रमणकारियों सहित सभी अतिक्रमणकारियों को सार्वजनिक घोषणा (मुनादी) के माध्यम से 3 दिनों का समय दिया जाएगा कि वे अपना कब्जा स्वयं हटा लें। यदि समय सीमा समाप्त होने के बाद कब्जा नहीं हटाया गया, तो प्रशासन द्वारा नियमानुसार बलपूर्वक अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की जाएगी। बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था पर भी चर्चा की गई। नए बस स्टैंड परिसर में अनुपयोगी बसों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा, बस स्टैंड परिसर में ट्रकों के खड़े होने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया । बैठक में अनुविभागीय अधिकारी नूतन कंवर, नपा अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी, उपाध्यक्ष कमलेश सोनी, व्यापारी संघ के अध्यक्ष हरीश सांखला सहित अनुविभागीय अधिकारी राष्ट्रीय राजमार्ग अनिल छारी, तहसीलदार आशुतोष शर्मा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी मोबिन अली, यातायात प्रभारी रविशंकर पाण्डेय, उप निरीक्षक कमला यादव, सरपंच झलमला चुम्मन ठाकुर, सिवनी के सरपंच बहुर सिंह नेताम, पार्षद आशा पटेल उपस्थित रहे।


