यूरोपीय देश नॉर्थ मैसेडोनिया के एक नाइट क्लब में शनिवार देर रात आग लगने से कम से कम 59 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 155 लोग घायल हो गए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कोकानी शहर में आयोजित हिप हॉप म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान यह हादसा हुआ। कोकानी शहर राजधानी स्कोप्जे से लगभग 100 किलोमीटर दूर स्थित है। 30,000 की आबादी वाले इस शहर के नाइट क्लब में उस समय आग लगी जब फेमस हिप-हॉप जोड़ी ADN का म्यूजिक प्रोग्राम चल रहा था। इस कॉन्सर्ट के लिए 1500 लोग क्लब में जमा हुए थे। माना जा रहा है कि प्रोग्राम के दौरान किसी ने क्लब के अंदर आतिशबाजी की, जिससे आग लग गई। आग लगने के बाद अफरातफरी मच गई और भगदड़ में कुछ लोग कुचल गए। सोशल मीडिया पर वायरल हादसे की तस्वीर… प्रधानमंत्री बोले- देश के लिए बहुत मुश्किल दिन
प्रधानमंत्री ह्रीस्टिजान मिकोस्की ने X पर लिखा- नॉर्थ मैसेडोनिया के लिए यह एक कठिन और बहुत दुखद दिन है। इतने सारे युवाओं की दुखद मौत की कभी भरपाई नहीं हो सकती है। सरकार इस मुश्किल घड़ी में पीड़ितों की तकलीफ कम करने की हर संभव कोशिश करेगी। अधिकारियों ने बताया कि घायलों को राजधानी स्कोप्जे समेत देश भर के अलग-अलग अस्पतालों में एडमिट किया गया है। इसमें कई स्वयंसेवी संगठनों की मदद भी ली जा रही है। इस मामले में एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है, लेकिन अभी इसके बारे में कोई डिटेल जानकारी नहीं दी गई है। नार्थ मैसेडोनिया की 20 लाख से भी कम आबादी
दक्षिण-पूर्वी यूरोप में स्थित नार्थ मैसेडोनिया की आबादी 20 लाख से भी कम है। इस देश की बॉर्डर अल्बानिया, बुल्गारिया, ग्रीस, कोसोवो और सर्बिया से लगती है। यह लैंड लॉक्ड कंट्री है यानी यह चारों तरफ जमीन से घिरा हुआ है। नॉर्थ मैसेडोनिया पूर्व में युगोस्लाविया का हिस्सा था। 1991 में यह आजाद देश बना। यह 1993 में UN का सदस्य बना। ——————————— यह खबर भी पढ़ें…. अमेरिका के न्यूयॉर्क में नाइट क्लब में गोलीबारी, 11 घायल:हमलावर ने एक बच्ची और मां को ढाल बनाया अमेरिकी राज्य न्यूयॉर्क के क्वीन्स शहर में बुधवार देर रात एक नाइट क्लब में गोलीबारी हुई है। इस गोलीबारी में लगभग 11 लोग घायल हुए हैं। हमलावर ने एक 12 साल की बच्ची और उसकी मां को ढाल के तौर पर इस्तेमाल करते हुए गोलीबारी की। बच्ची और मां दोनों गोलीबारी में घायल हुई हैं। फिलहाल उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। यहां पढ़ें पूरी खबर…


