सेक्टर-126 थाना क्षेत्र में फॉर्च्यूनर गाड़ी से स्टंट करते युवकों का वीडियो सोशल मीडिया के विविध प्लेटफॉर्म पर रविवार को वायरल हुआ था। वीडियो में दिखने वाले चारों युवकों को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया है। फॉर्च्यूनर को भी सीज कर दिया गया है। वीडियो वायरल होने के बाद कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की यातायात पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत इन पर 33 हजार रुपए का जुर्माना लगाया था। कहा सुनी के बाद वायरल किया था वीडियो
वाहन पर स्टंट करने वाले आरोपियों की पहचान वैभव जैन, विशाल ठाकुर, विकास कुमार और ध्रुव कुमार के रूप में हुई है। सभी शादीशुदा है और अलग-अलग कंपनियों में काम करते हैं। जांच के दौरान पता चला कि जो वीडियो शनिवार को वायरल हुआ था उसको बीते साल अक्टूबर में बनाया गया था। वीडियो बनाते समय एक अन्य युवक भी गिरफ्तार हुए युवकों के साथ था। बाद में उस युवक से चारों की किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसी बात पर उसने वीडियो को वायरल कर दिया। क्या था वायरल वीडियो में इसे समझे
28 सेकेंड के वायरल वीडियो में एक युवक गाड़ी की बोनट पर बैठा है, जबकि बाकी दो युवक गाड़ी की खिड़कियों से लटकते हुए रील बना रहे हैं। कार की सभी लाइटें जल रही हैं। कार के अंदर बैठा चालक वाहन को सड़क पर गोल-गोल घुमा रहा है। फॉर्च्यूनर गाड़ी पर सत्तारूढ़ पार्टी का झंडा भी लगा हुआ है। यूजर ने वीडियो में कमिश्नरेट पुलिस के अधिकारियों को टैग कर स्टंट करने वाले युवकों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी। पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


