नोखा में विवाहिता की संदिग्ध मौत:पीहर पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप, मामला दर्ज

नोखा स्थित ससुराल में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने मृतका के पति और ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना के बाद हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आडसर पुरोहितान निवासी देवाराम ने नोखा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी बहन बसंती की शादी 11 मार्च 2020 को नोखा के लखारा शिव मंदिर निवासी श्यामलाल लखारा से हुई थी। शादी के बाद से ही पति, सास और ससुर बसंती को कम दहेज लाने के लिए परेशान कर रहे थे। वे लगातार 2 लाख रुपए नकद और नोखा में एक मकान की मांग कर रहे थे। देवाराम के अनुसार, बसंती ने 29 और 30 नवंबर को फोन पर बताया था कि उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा है और उसे गोली देकर मारने की साजिश रची जा रही है। 2 दिसंबर की शाम ससुराल पक्ष ने बसंती की तबीयत खराब होने की सूचना दी। अगले दिन, 3 दिसंबर की सुबह बसंती मृत मिली। परिजनों ने बताया कि उसके मुंह और नाक से झाग आ रहे थे, और गले पर काले निशान भी थे। परिजनों ने पति श्यामलाल, ससुर सोहनलाल और सास पर दहेज की मांग पूरी न होने पर बसंती की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने देवाराम की रिपोर्ट पर विधि सम्मत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। सीओ जरनैल सिंह इस मामले की जांच कर रहे हैं। मृतका का शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *