चाईबासा | झालसा रांची के निर्देश पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष डीएलएसए चाईबासा मौहम्मद शाकिर के द्वारा लीगल एड डिफेंस काउंसिल की मासिक समीक्षा बैठक उनके कार्यालय कक्ष में संपन्न हुई, माह की कार्यवाही का अवलोकन करते हुए उन्होंने लीगल एड डिफेंस काउंसिल के कार्यों का मूल्यांकन किया और आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। प्रसाद दास सहायक डीएलएसए रत्नेश कुमार, और पूजा चौरसिया भी उपस्थित थे। मनोहरपुर | पूर्व नियोजित कार्यक्रम के तहत बुधवार को नंदपुर पंचायत भवन के प्रांगण में पशुपालन विभाग की ओर से मनोहरपुर के पशु पालकों के बछड़ों की एक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस मौके पर गौ पालकों ने अपने बछड़ों को प्रदर्शनी में शामिल किया। इस दौरान ज्यूरी की ओर से बेहतर पशुपालकों को प्रशस्ति – पत्र, मोमेंटो और नकद राशि देकर पुरस्कृत किया गया। इसके तहत बाछी वर्ग में प्रथम रणधीर कुमार, द्वितीय किशनलाल यादव और तृतीय मुकेश यादव रहे। जबकि बड़ी बाछी वर्ग में प्रथम मीनू तुरी रही। जबकि दूसरे और तीसरे स्थान पर क्रमशः मुन्नी देवी और रामाशंकर शुक्ला रहे। इस मौके पर आदर्श ग्राम पदाधिकारी डॉ अमरेंद्र, पशु शल्य चिकित्सक डॉ विष्णु, डॉ संजय घोलटकर, डॉ विकास, योगेंद्र कुमार के अलावा काफी संख्या में पशुपालक आदि मौजूद थे। नोवामुंडी| प्रखंड सभागार में अनुमंडल पदाधिकारी छोटन उरांव जगन्नाथपुर की अध्यक्षता में विधि-व्यवस्था संधारण, अवैध खनन एवं परिवहन, अवैध अफीम की खेती व विनिष्टीकरण, राजस्व संग्रह सहित अन्य बिंदुओं को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सेल प्रबंधन गुवा, किरीबुरू व मेघाहातुबुरू, टाटा स्टील प्रबंधन के प्रतिनिधियों के अलावा बीडीओ, सीओ, राजस्व निरीक्षक, एसडीपीओ किरीबुरू, पुलिस निरीक्षक किरीबुरू व नोवामुंडी, तथा किरीबुरू, गुवा, बड़ाजामदा, नोवामुंडी व जेटेया के थाना प्रभारी उपस्थित थे। समीक्षा बैठक के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी महेंद्र छोटन उरांव ने सभी थाना क्षेत्रों में हो रहे अवैध उत्खनन व परिवहन, अवैध अफीम की खेती व उसके विनिष्टीकरण, राजस्व संग्रह तथा क्षेत्र में संचालित अन्य गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी कनीय पदाधिकारियों को जनहित में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने एवं आवश्यक दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया।


