करौली की सदर थाना पुलिस ने नौकरी का झांसा देकर लोगों से धोखाधड़ी के आरोपी को हिंडौन से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने झांसा देकर सात लोगों से ठगी की थी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश और माल बरामदगी के प्रयास में जुटी है। सदर थाना अधिकारी चंचल शर्मा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय और एएसपी गुमनाराम के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत करौली सदर थाना पुलिस ने नौकरी का झांसा देकर 7 लोगों के साथ धोखाधड़ी करने के आरोपी योगेश्वर मीणा निवासी हिंडौन को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ नौकरी का झांसा देकर करीब 15 लाख रुपए की धोखाधड़ी का आरोप है। थानाधिकारी ने बताया कि एसीजेएम करौली से इस्तगासा द्वारा धर्म सिंह मीणा पुत्र रंगलाल मीणा निवासी कोसरा थाना सदर करौली ने मामला दर्ज कराया। एफआईआर में बताया कि योगेश्वर पुत्र जल्लीराम, मोहित पुत्र योगेश्वर और माया देवी पत्नी योगेश्वर मीणा निवासी खेड़ीशीश थाना सदर हिंडौन सहित अन्य ने नौकरी का झांसा देकर रुपए की ठगी की। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस टीम द्वारा आरोपियों की तलाश की गई। पुलिस टीम ने सूचना तंत्र और साइबर सेल टीम की मदद से आरोपी योगेश्वर मीणा को हिडौंन से गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश और माल बरामदगी के प्रयास में जुटी है ।


