बुरहानपुर में ग्रामीण डाक सेवक की नौकरी दिलाने के नाम पर बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी का मामला सोमवार को सामने आया है। आरोप है कि 42 से अधिक युवाओं से करोड़ों रुपए की ठगी की गई है। इस संबंध में नेपानगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, चार युवकों ने मिलकर ग्रामीण पोस्ट सेवा में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। प्रत्येक पीड़ित से 5.50 लाख रुपए ऐंठे गए। जिन लोगों पर ठगी का आरोप है, उन्होंने खुद को पोस्ट ऑफिस का बीपीएम (ब्रांच पोस्टमास्टर) और कंप्यूटर ऑपरेटर बताया था। नेपानगर में केस दर्ज, पुलिस ने जांच शुरू की
खंडवा जिले के पंधाना तहसील के गुड़ी निवासी मोईनुद्दीन पिता जैनुद्दीन सिद्दीकी ने अन्य पीड़ितों के साथ नेपानगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने रईस पिता सलीम खां (वार्ड नंबर आठ, नेपानगर), धीरज पिता अशोक चौधरी (खंडवा), रामकिशन कास्डे (खालवा, खंडवा) और अनिल भाटे (जसवाड़ी, खंडवा) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। नेपानगर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


