भास्कर न्यूज | जशपुरनगर शराब तस्करी के मामले में पिछले 9 महीनों से फरार चल रहे आरोपी इजराइल खान को पुलिस ने धर दबोचा है। 22 फरवरी को थाना आस्ता की पुलिस रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान जशपुर की ओर से तेज गति से आती सफेद रंग की एक पिकअप वाहन हरकपुर चौक के पास दिखाई दी, जिसे रोककर पूछताछ की गई। वाहन में तीन व्यक्ति करामत शाह (45), जमीर खान (32) और इजराइल खान (35), निवासी साईं टांगर टोली लोदाम बैठे थे। इस वाहन की तलाशी ली गई, तो उसमें 17 लीटर देसी कच्ची महुआ शराब मिली। पुलिस ने करामत शाह और जमीर खान को मौके से गिरफ्तार कर लिया। इसी दौरान इजराइल खान पिकअप को साइड में लगाने के बहाने पुलिस को चकमा देकर वाहन सहित फरार हो गया था। फरार आरोपी की पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि वह जशपुर क्षेत्र में देखा गया है। पुलिस को देखते ही इजराइल खान भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर घेराबंदी करते हुए उसे पकड़ लिया।


