भास्कर न्यूज | गिरिडीह. अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद की राष्ट्रीय इकाई के निर्देश पर गिरिडीह जिला इकाई ने राष्ट्रपति के नाम उपायुक्त को एक ज्ञापन गुरुवार को सौंपा। इसमें न्यायपालिका की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाने और न्यायाधीशों की नियुक्ति प्रक्रिया में सुधार की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि मामलों की स्थिति, सुनवाई की तारीख और फैसले की जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर ताजा अपडेट होनी चाहिए। न्यायाधीशों की नियुक्ति में स्पष्ट मानदंड तय हों। पृष्ठभूमि की जांच अनिवार्य हो। शिकायतों के निवारण के लिए स्वतंत्र प्रकोष्ठ बने। हर साल न्यायपालिका की रिपोर्ट प्रकाशित हो। परिषद का कहना है कि इन सुधारों से न्याय व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही बढ़ेगी। इससे जनता का भरोसा मजबूत होगा और न्याय मिलने की प्रक्रिया तेज होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान परिषद की जिला इकाई की अध्यक्ष मीरा कुमारी, महासचिव रविंद्र प्रसाद, अधिवक्ता कौशल कुमार, अजीत कुमार सिंह, प्रीति सिन्हा और दिव्या मौजूद रहीं।


