डीग की नगर रोड निवासी कृष्णा गुर्जर उर्फ साक्षी धाऊ के न्यायिक सेवा में चयन पर शहर के ऐतिहासिक लक्ष्मण मंदिर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम मंदिर महंत पंडित मुरारीलाल पाराशर के सानिध्य में संपन्न हुआ। समारोह में महंत पंडित मुरारीलाल पाराशर ने साक्षी धाऊ को दुपट्टा और साफा पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि जीवन में बड़ी सफलता के लिए त्याग और समर्पण आवश्यक है। जब लक्ष्य के प्रति जुनून होता है, तो सफलता निश्चित रूप से मिलती है। सम्मान से अभिभूत साक्षी धाऊ ने कहा कि किसी भी परीक्षा की तैयारी लक्ष्य तय करके करने से सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने करियर के लिए जिस क्षेत्र का चुनाव करें, उसी को लक्ष्य बनाकर पूरी लगन से अध्ययन करें। इस अवसर पर साक्षी के साथ उनकी दादी राधादेवी, पिता कृष्णपाल गुर्जर और चाचा राजेंद्र पाल धाऊ सहित अन्य परिजनों को भी सम्मानित किया गया। समारोह में महंत पंडित गणेश दत्त पाराशर के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।


