सरायकेला | राज्य सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग पर सफाई कर्मियों ने सोमवार को आदित्यपुर नगर निगम कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। वहां जमकर नारेबाजी की। वहीं, सफाई कर्मियों ने मांग पूरी नहीं होने तक काम पर जाने से भी इंकार कर दिया। विरोध प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मियों ने संवेदक अरविंद सिंह पर प्रतिदिन 350 रुपए की दर से मजदूरी का भुगतान करने का आरोप लगाया। कहा यह अपर्याप्त है। संवेदक के द्वारा सफाई कर्मियों को न तो पहचान पत्र दिया गया है न ही पीएफ और ईएसआई की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। सफाई कर्मियों ने निर्धारित न्यूनतम मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित कराने व सभी सफाई कर्मियों को पहचान पत्र और ईएसआई की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी की।


