लुधियाना| न्यूरोसर्जनों की नॉर्थ वेस्ट जोन एसोसिएशन का 9वां वार्षिक सम्मेलन एएनएनडब्लूजेड 2025 होटल पार्क प्लाजा में सफलता के साथ संपन्न हुआ। दो दिन चले इस सम्मेलन में जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश से 200 से ज्यादा न्यूरोसर्जन शामिल हुए। सम्मेलन का उद्घाटन पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ के न्यूरोसर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. एसके गुप्ता ने किया। वे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अपने उद्घाटन भाषण में उन्होंने शल्य चिकित्सा कौशल और मरीजों की देखभाल बेहतर करने के लिए शैक्षणिक संवाद और निरंतर सीखने की जरूरत पर जोर दिया। एएनएनडब्लूजेड के अध्यक्ष और आयोजन समिति के चेयरमैन डॉ. मनोज कुमार सोबती ने अध्यक्षीय भाषण दिया। उन्होंने रोबोटिक न्यूरोसर्जरी, न्यूरोनेविगेशन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी आधुनिक तकनीकों की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला। डॉ. आशीष ओहरी ने डॉ. मनोज कुमार सोबती के जीवन सफर, शैक्षणिक उपलब्धियों और सामाजिक योगदान पर बात की।


