भास्कर न्यूज | अमृतसर लॉरेंस रोड जमुना वाली सड़क पर स्थित माता कौशल्या देवी मंदिर में मूर्ति स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में शाम 6 से रात 10:00 बजे तक माता की चौकी का आयोजन किया गया। मंदिर के मुख्य सेवादार संजय महाजन की अध्यक्षता में करवाई गई माता की चौकी दौरान कई भक्तजन पहुंचे। इस मौके पर संगत के सहयोग से सारे मंदिर को रंग बिरंगी रोशनी और 5 क्विंटल फूलों से सजाया गया। सबसे पहले मंदिर के पंडित ने मंत्रोच्चारण करते हुए मां की पवित्र ज्योति जलाई। इसके बाद माता रानी को भोग लगाने के लिए भक्तों ने से मिठाइयां, फल, जूस समेत कई तरह का प्रसाद चढ़ाया। इसी दौरान प्रसिद्ध भजन गायक अतुल दर्शी की ओर से गणेश वंदना से माता की चौकी शुरू की गई। इसके बाद अतुल दर्शी ने जैसे ही, ‘जो सब दे शगुन मनांदी है ओ माता चिंतपूर्णी ए’, भजन गाया तो मंदिर में बैठे भक्तजन नाचने लगे। इसके बाद उन्होंने ‘मैया आनंद ही आनंद है’, भजन गया जिसे सुनकर भक्त मंत्रमुग्ध हो उठे। इसी दौरान संगत की ओर से साइकिल स्टैंड, जोड़ा घर समेत अन्य कई तरह की सेवाएं निभाई गई। रात 10:00 बजे माता की चौकी का आयोजन समाप्त होने के बाद भंडारा लगाया गया। माथा टेकने आए हरेक भक्त को मां के आशीर्वाद के रूप में मोतियों की माला बांटी गई। इस मौके पर कई भक्तजन मौजूद थे।


