भास्कर न्यूज | जालंधर वार्ड 1 की न्यू इंदिरा कॉलोनी में 8 महीने पहले पानी की आपूर्ति के लिए नए ट्यूबवेल तो लगा दिए गए लेकिन इन्हें अभी तक बिजली कनेक्शन नहीं दिया गया। हैरानी की बात है कि इस बीच आप और कांग्रेस के जनप्रतिनिधि इसका दो बार उद्घाटन भी कर चुके हैं। लेकिन जनता को अब तक पानी की एक बूंद तक नहीं मिली है। स्थानीय निवासी संतोष बिलानी ने रोष जताते हुए कहा कि कॉलोनी में पानी का संकट बना है। निगम ने नई ट्यूबवेल तो लगा दी, लेकिन बिजली का कनेक्शन जोड़ना भूल गया। उन्होंने कहा कि मार्च में ही गर्मी बढ़ती जा रही है। पुराने ट्यूवबेल से पानी की पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो रही है। इससे पानी का संकट बन रहा है। कॉलोनी के लोगों ने निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस मौके पर शंकर लाल, संजू राम, सजन राम ने कहा कि यदि सोमवार तक ट्यूबवेल से पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हुई, तो मेयर से शिकायत दर्ज कराई जाएगी।


