न्यू ईयर पार्टी के लिए पोल्ट्री फार्म से चुराए मुर्गे-मुर्गियां:विरोध करने पर संचालक की पिटाई, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और नकदी भी ले गए चोर

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में 31 दिसंबर 2025 की रात एक पोल्ट्री फार्म में चोरी और मारपीट की घटना सामने आई है। कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम दर्री स्थित इस फार्म से अज्ञात चोरों ने लगभग 20 मुर्गे-मुर्गियां, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा और करीब ढाई हजार रुपये नकदी चुरा ली। विरोध करने पर चोरों ने फार्म संचालक की पिटाई भी की। फार्म संचालक जागेश्वर देवांगन ने बताया कि रात में हलचल सुनकर जब वह जागे, तो उन्होंने तीन अज्ञात युवकों को मुर्गे-मुर्गियां चुराकर भागते देखा। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो युवकों ने उनकी जमकर पिटाई कर दी। इस हमले में देवांगन घायल हो गए, जिन्हें कुरूद के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाशों ने नए साल की पार्टी के लिए चोरी की वारदात को दिया अंजाम संचालक के बेटे ने जानकारी दी कि चोरों ने मुर्गे-मुर्गियों के साथ-साथ एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा और लगभग 2500 रुपये नकद भी चुराए हैं। बदमाशों के पास एक पेननुमा चाकू भी था। संचालक के अनुसार, चोरों ने नए साल की पार्टी के लिए इस घटना को अंजाम दिया था। इस मामले की शिकायत कुरूद थाने में दर्ज कराई गई है। हालांकि, संचालक के बेटे का आरोप है कि पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज नहीं की और कहा कि अज्ञात आरोपियों के पकड़े जाने पर ही एफआईआर दर्ज की जाएगी। कुरूद पुलिस के उच्च अधिकारियों से इस संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *