न्यू ईयर सेलिब्रेशन पर पुलिस अलर्ट:जोश में होश खोया तो होगी खातिरदारी, वेन्यू पर क्षमता से ज्यादा भीड़ मिली तो नपेगा आयोजक

लेकसिटी न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए तैयार है। इसके लिए देश-विदेश के हजारों पर्यटक उदयपुर पहुंच चुके हैं। थर्टी फर्स्ट को होटलों, रेस्टोरेंट, क्लबों और फार्म हाउसों में जश्न मनाया जाएगा। इसी बीच, पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने, हुड़दंग मचाने, अवैध शराब व नशा परोसने और तेज आवाज में साउंड चलाने पर कार्रवाई की तैयारी कर ली है। इन सभी के खिलाफ पुलिस केस दर्ज करेगी। इसके साथ ही सभी आयोजकों को पार्टी स्थल पर पार्किंग की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं। एसपी योगेश गोयल ने बताया कि पूरे शहर में नाकाबंदी रहेगी और पुलिस टीमें गश्त पर रहेंगी। वाहन चालकों की चेकिंग की जाएगी। आयोजकों को करनी होगी पार्किंग और सुरक्षा की व्यवस्था पुलिस ने होटलों, रेस्टोरेंट, क्लबों और फार्म हाउसों के लिए एडवाइजरी जारी की है। संचालकों को पार्टी स्थल पर क्षमता से ज्यादा लोगों को शामिल नहीं करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस इसकी भी जांच करेगी। ज्यादा लोगों के मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पार्टी में आने वाले लोगों से पहचान पत्र की कॉपी लेना भी जरूरी होगा। आयोजक ग्राहकों के लिए पार्किंग की भी व्यवस्था करेंगे, ताकि सड़क पर इधर-उधर वाहनों के खड़े होने से शहर में ट्रैफिक जाम न हो। एसपी की अपील- संदिग्ध गतिविधि की सूचना दें
मेहमानों की सुरक्षा के लिए आयोजन स्थल पर अग्निशमन यंत्र, निकासी संकेत और आपातकालीन रोशनी की व्यवस्था करनी होगी। एसपी ने बाजार, मॉल, पार्क व अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की अपील की है। शराब बिक्री के लिए लाइसेंस जरूरी, अवैध नहीं बेच सकेंगे
एएसपी उमेश ओझा ने बताया कि होटल, रेस्टोरेंट, क्लब और फार्म हाउस बिना लाइसेंस के पार्टियों में शराब की बिक्री नहीं कर सकेंगे। इसके लिए आबकारी विभाग से लाइसेंस लेना जरूरी है।
पार्टियों में हुक्का और अवैध नशा नहीं बेचा जा सकेगा। ऐसा करने पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। साथ ही पार्टी स्थल पर मेहमान कोई हथियार नहीं ले जा सकेंगे। बता दें कि उदयपुर सहित प्रदेशभर में हर साल नए साल के जश्न के दौरान पुलिस नियम तोड़ने वालों पर जमकर कार्रवाइयां करती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *