भास्कर न्यूज | जालंधर न्यू गौतम नगर से होकर कचरे के वाहन वरियाणा डंप पर जाते हैं। ऐसे में गलियों में वाहनों से कचरा गिरने से गंदगी फैली रहती है। इसलिए वीरवार को नाराज लोगों ने निगम के खिलाफ धरना दिया। यहां पर दो दिन से घरों में पीने के पानी का संकट भी बना हुआ है। उन्होंने कहा कि शाम के समय कचरा उठाने वाले उनके घरों के बाहर कूड़ा गिरा देते हैं। बारिश में कचरे की बदबू से लोगों को काफी परेशानी होती है। क्योंकि गेट के बाहर कूड़े का ढेर लगा रहता है। इस दौरान कौंसलर गुरजीत सिंह घुम्मन भी धरने स्थल पर पहुंचे और लोगों की समस्या का हल करने का आश्वासन दिया। हालांकि, शाम में कचरे की सफाई शुरू करवा दी गई। वहीं, प्रधान धर्मेंद्र मिश्रा ने कहा कि कूड़े के ढेर के कारण यातायात भी प्रभावित होता है। वहीं सड़क पर कूड़ा फेंकने से वाहनों की कतारें लगी रहती है। इसलिए न्यू गौतम नगर के लोगों ने वरियाणा डंप जाने वाले वाहनों सड़क पर जाम लगा दिया। लोगों का प्रदर्शन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक दो घंटे तक चला। मिश्रा ने कहा कि मेयर से फोन पर बात की और उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द ही जेसीबी लगाकर कूड़ा हटवाया जाएगा। वाहनों से सड़क की सफाई कराई जाएगी। अगर रविवार को सड़क की सफाई नहीं हुई तो सोमवार को न्यू गौतम नगर के लोग निगम जाएंगे। इस मौके पर सुशील पटेल, रवि पटेल, प्रताप रवि शर्मा आदि मौजूद रहे।


