जयपुर| निवेशकों को लेकर एक दिन पहले दिए सीएम के बयान पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कटाक्ष किया। जूली ने बयान में कहा कि मुख्यमंत्री जी, “सर मुंडाते ही ओले पड़ना’ शुरू हो गए हैं। आपने राइजिंग राजस्थान में 35 लाख करोड़ के एमओयू कर दिए, जो राजस्थान की मौजूदा जीडीपी से दोगुना से भी ज्यादा हैं। लेकिन सच्चाई ये है कि न तो निवेश आया और न ही निवेशक अब फोन उठा रहे हैं। सदन में जब मैंने आपसे पूछा कि आखिर कितने एमओयू धरातल पर आए, तो आप जवाब नहीं दे पाए। क्योंकि आपको पहले से ही मालूम था कि यह सिर्फ़ कागज़ी आंकड़े हैं, हकीकत में इनका कोई वजूद नहीं है। भरतपुर में तो ऐसे एमओयू हुए हैं, जिनमें काम पहले से चल रहे हैं। यह वही स्थिति है जो लॉकडाउन में मोदी के 20 लाख करोड़ के पैकेज की थी, जिनकी घोषणाएं और प्रेस कॉन्फ्रेंस तो खूब हुईं, लेकिन जनता तक एक भी रुपया नहीं पहुंचा।


