भास्कर न्यूज|लुधियाना पंजाब भाजपा के कोषाध्यक्ष गुरदेव शर्मा देबी के कार्यालय ईसा नगर पुली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें लुधियाना नगर निगम चुनाव में धांधलियों के गंभीर आरोप लगाए गए। भाजपा के जिला अध्यक्ष रजनीश धीमान ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। धीमान ने कहा कि नगर निगम चुनाव में कम मतदान होना चिंता का विषय है और भाजपा को इससे सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा तैयार की गई वोटर लिस्टों में कई खामियां थीं, जिसके चलते कई वार्डों के लोग मतदान से वंचित रह गए। धीमान ने यह भी कहा कि चुनाव में गड़बड़ियां की गईं और आप सरकार ने इसे महज औपचारिकता के रूप में कराया। उन्होंने बताया कि 3 साल में 2 बार वार्ड बंदी की गई, लेकिन फिर भी वोटर लिस्टों में सुधार नहीं किया गया। धीमान ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी पार्टी ने चुनाव को प्रभावित करने के लिए वोटर लिस्ट में हेरफेर करने की कोशिश की, हालांकि भाजपा ने इसे अपनी स्पष्ट जीत माना। उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की कि लुधियाना नगर निगम चुनाव को फिर से करवाया जाए, ताकि निष्पक्ष और सही चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित हो सके। पंजाब भाजपा कोषाध्यक्ष गुरदेव शर्मा देबी ने भी आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के विधायकों ने चुनाव के दौरान गुंडागर्दी की और कई वार्डों में जाली वोटिंग की। कहा कि अगर चुनाव आयोग निष्पक्ष तरीके से चुनाव कराता तो नतीजे अलग होते। देबी ने आरोप लगाया कि आप पार्टी के विधायकों ने भाजपा नेताओं के साथ बदसलूकी व पोलिंग बूथों पर गंदी भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा इस तरह की गुंडागर्दी को बर्दाश्त नहीं करेगी और चुनाव आयोग से इस मामले में शिकायत की जाएगी। अब तक भाजपा 90 शिकायतें चुनाव आयोग में कर चुकी है। आप विधायक पार्षदों को धमकाकर अपने पाले में डाल रहे हैं। जनता ने आप को बहुमत नहीं दिया, क्योंकि जनता नहीं चाहती कि आप का मेयर बने। हमारे पार्षद को प्रलोभन देकर आप में शामिल कराया है जो निंदनीय है। आप नेता राजनीतिक दलों के ऑपरेशन लोटस को लेकर तमाम आरोप लगाते थे, लेकिन खुद वह यही कार्य कर रहे हैं। आप के विधायक ही अब वोटर सूची को लेकर प्रशासन पर सवाल उठा रहे हैं। संजय तलवार, कांग्रेस प्रधान सभी विरोधी पार्टी बेबुनियाद आरोप लगा रही हैं। जल्द ही मेयर का चेहरा सामने आने वाला है। जो भी उम्मीदवार आम आदमी पार्टी में जो शामिल हो रहे हैं वो शहर के विकास को देखते हुए इस पार्टी में आ रहे हैं। उन्हें पता है कि शहर का विकास आम आदमी पार्टी ही कर सकती है। शरण पाल सिंह मक्कड़, प्रधान, आप


