पंचायती राज व्यवस्था की परिकल्पना को साकार करता गुडेलिया

भास्कर न्यूज | करही बाजार आज पंचायती राज दिवस है, जो हर साल 24 अप्रैल को मनाया जाता है। यह दिन पंचायती राज प्रणाली के महत्व और इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में शासन और विकास को बढ़ावा देने के लिए मनाया जाता है। इस दिन को मनाने का उद्देश्य है पंचायती राज प्रणाली को मजबूत करना, ग्रामीण विकास को प्रोत्साहित करना और स्थानीय स्वशासन को बढ़ावा देना। भाटापारा जनपद पंचायत के अंतर्गत ग्राम पंचायत गुडेलिया अपने विकास और सुशासन को लेकर एक आदर्श ग्राम के रूप में स्थापित है। इस गाँव की पंचायती राज व्यवस्था के अंतर्गत इसका विकास, सुंदरता, और व्यवस्थापन अन्य ग्राम पंचायतों के लिए एक प्रेरणा प्रस्तुत करता है। यहाँ ग्रामीणों को स्वयं का रोजगार साधन, शिक्षा के पर्याप्त अवसर, तालाबों का सौंदर्यीकरण, आकर्षक और उत्कृष्ट आदर्श पंचायत भवन, पर्याप्त खेल सुविधाएं और मैदान उपलब्ध हैं। ग्रामवासी शासन की हर योजना में सहभागी बनते हैं और उन्हें सफल बनाने में सक्रियता दिखाते हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि इस ग्राम को ‘नशा मुक्त ग्राम’ की उपाधि से भी सम्मानित किया गया है। अधिकारी और नेतागण भी आदर्श ग्राम पंचायत गुडेलिया के प्रशंसक हैं। गौरतलब है कि ग्राम पंचायत गुडेलिया एक आदिवासी बहुल गाँव है, जहाँ शासन और प्रशासन इनके विकास व हित के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रहे हैं। एक आदर्श ग्राम पंचायत की परिकल्पना को साकार करने हेतु मुख्यमंत्री सहित राज्य स्तरीय अधिकारीगण—जैसे अपर मुख्य सचिव, संभागायुक्त, कलेक्टर आदि-ने ग्राम पंचायत गुडेलिया को पंचायती राज व्यवस्था का सबसे बड़ा मॉडल बताया है। ग्राम पंचायत गुडेलिया के विकास की प्रमुख पहचान हैं-आकर्षक, सुसज्जित स्कूल, व्यवस्थित लाइब्रेरी, मरीन ड्राइव, शारीरिक कसरत हेतु जिम सुविधा, स्वच्छ वातावरण, मनोरंजन हेतु गार्डन, धार्मिक आस्था के प्रतीक मंदिरों का सौंदर्यीकरण, स्वास्थ्य सुविधा के अंतर्गत हमर क्लिनिक, सुरक्षा हेतु सीसीटीवी, सुंदर आहते और प्रवेश द्वार-जो लोगों को आकर्षित करते हैं। इन सभी क्षेत्रों में ग्राम पंचायत गुडेलिया विशेष योग्यता रखता है और शासन की समस्त प्रशासनिक सक्रिय गतिविधियों में भागीदार रहता है, जो पंचायती राज व्यवस्था की परिकल्पना को पूर्ण करता है। इसका मुख्य आधार ग्रामवासियों सहित सक्रिय, जुझारू और समर्पणशील जनप्रतिनिधि हैं। यह ग्राम पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा का गोद ग्राम और सरपंच संघ के अध्यक्ष सरपंच संकेत अग्रवाल का गृह ग्राम भी है। इस दिन को मनाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम और गतिविधियां होंगी। करहीबाजार। ग्राम पंचायत गुडेलिया आदर्श ग्राम की छवि।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *