पंचायती राज:3000 आबादी पर 7 व 1 हजार प्लस पर 2 वार्ड की वृद्धि होगी

पंचायती राज विभाग ने 14 हजार से अधिक ग्राम पंचायतों, 450 पंचायत समितियों और 41 जिला परिषदों में चुनाव कराने का फार्मूला सभी कलेक्टरों को जिलावार तैयार करके भेज दिया है। ऐसे में पंचायत चुनाव से जुड़े सभी जगहों पर जल्द ही वार्ड तय करने के निर्देश भी जारी कर दिए हैं। गौरतलब है कि कोर्ट ने लोकल चुनाव कराने के लिए 15 अप्रैल तक की समय सीमा तय की है। राज्य सरकार ने सभी 41 कलेक्टरों को ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषदों के लिए वार्डों का निर्धारण करने के दिशा-निर्देश दिए हैं। पंचायती राज विभाग ने पैरामीटर भी तय कर दिए हैं। ग्राम पंचायत में अब तीन हजार की आबादी पर सात वार्ड होंगे। इसमें एक हजार की आबादी जुड़ने पर दो वार्ड और जुड़ने का फार्मूला रहेगा। यानी चार हजार वाली ग्राम पंचायत में आंकड़ा 7 से बढ़कर 9 तक हो जाएगा। उधर, पंचायत समिति कैटेगरी में एक लाख की आबादी में 15 वार्ड रहेंगे। ऐसे में जिस पंचायत समिति की आबादी एक लाख से 15 हजार अधिक है तो दो वार्ड जुड़ जाएगा। ऐसे में 15000-15000 पर दो-दो वार्ड जुड़ने का फार्मूला रहेगा। ऐसे में ये आंकड़ा 15 से बढ़कर 17, 19, 21 तक जा सकता है। जिला परिषदों में 4 लाख की आबादी पर 17 वार्ड बनेंगे। परिषद में चार लाख से अधिक एक लाख की आबादी में दो वार्ड जुड़ जाएगा। इस केस में भी ये आंकड़ा 17 से बढ़कर, 19, 21 आदि वार्डों की संख्या का रहेगा। कुल मिलाकर आबादी बढ़ती जाएगी और वार्डों की संख्या भी बढ़ेगी। 40 किमी से अधिक की दूरी पर विवाद भी ग्राम पंचायत के लोगों को पंचायत समिति तक पहुंचने के लिए 40 से 60 किमी का सफर तय करना पड़ रहा है। नागौर में इसका विरोध हो चुका है और इसे लेकर सरपंच संघ ने भी विरोध किया है। संघ के प्रवक्ता रफीक पठान का कहना है कि सरकार ने घोषणा की थी कि 20 ग्राम पंचायतों पर एक पंचायत समिति बनेगी। इस घोषणा का पालन नहीं हुआ है। ऐसे में नई ग्राम पंचायत और पंचायत समिति में 40 से 45 किमी की दूरी है। 14635 ग्राम पंचायतों, 450 पंचायत समितियों में तय होंगे वार्ड: प्रदेश के 41 जिलों में करीब 3441 नई ग्राम पंचायतें बनी हैं और ये आंकड़ा 14635 हो गया है। इन्हीं में वार्ड तय किए जा रहे हैं। जयपुर जिले में ग्राम पंचायतों का पुनर्गठन करने के बाद कुल 596 ग्राम पंचायतें हो गईं। पुनर्गठन से पहले जयपुर जिले में कुल 457 ग्राम पंचायतें थीं। इनमें से 273 ग्राम पंचायतों की सीमाओं में बदलाव करके 139 नई ग्राम पंचायतों का गठन किया। हाल में 85 नई पंचायत समितियां बनी हैं और पंचायत समितियों की कुल संख्या 450 है। ऐसे में 450 में वार्ड निर्धारित होंगे। उधर कुल जिले 41 है । ऐसे में पहली बार नए जिलों में भी जिला परिषद के चुनाव होंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *