बलौदा बाजार जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 के पहले चरण के लिए 17 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। भाटापारा और सिमगा विकासखंड में क्रमशः 227 और 326 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक सोनी के निर्देशन में रविवार को दोनों विकासखंडों के मतदान दलों को मतदान सामग्री वितरित कर दी गई है। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत दिव्या अग्रवाल और अपर कलेक्टर मिथलेश डोंडे भी मौजूद रहे। भाटापारा विकासखंड में 630 पंच, 88 सरपंच, 23 जनपद सदस्य और 3 जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए मतदान होगा। इन पदों के लिए 16 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं सिमगा विकासखंड में 978 पंच, 103 सरपंच, 25 जनपद सदस्य और 4 जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए 32 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। कुल मिलाकर दोनों विकासखंडों में 7 जिला पंचायत सदस्य, 48 जनपद सदस्य और 191 सरपंच पदों के लिए मतदान होगा। चुनाव प्रक्रिया को सुचारू और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।


