मुंगेली के लोरमी विकासखंड की ग्राम पंचायत दरवाजा के सचिव होरीलाल साहू को निलंबित कर दिया गया है। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देश पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पाण्डेय ने यह कार्रवाई की है। कलेक्टर ने पंचायत भवन का अचानक निरीक्षण किया। यहां आयुष्मान भारत महाभियान के तहत कार्ड बनाने का काम चल रहा था। निरीक्षण में पंचायत भवन में साफ-सफाई की कमी पाई गई। भवन के चारों ओर गंदगी फैली हुई थी। मूलभूत सुविधाएं भी नहीं मिलीं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत सभी ग्राम पंचायतों में स्वच्छता को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने सचिवों को इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए। जिला पंचायत सीईओ के आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि में सचिव होरीलाल साहू का मुख्यालय जनपद पंचायत लोरमी रहेगा। इस दौरान उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।


