पंचायत सचिव की गैर मौजूदगी, ग्रामीणों ने जड़ा ताला

भास्कर न्यूज| महासमुंद महासमुंद ब्लॉक के ग्राम पंचायत कुकराडीह के सरपंच और पंचों व ग्रामीणों ने शनिवार को पंचायत सचिव के पदभार के बाद भी ग्राम पंचायत में उपस्थित नहीं होने पर होने वाले समस्याओं के चलते पंचायत भवन में ताला बंदी कर जमकर प्रदर्शन किया। पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने पंचायत सचिव को हटाने और नए सचिव को प्रभार देने की मांग की। सरपंच, पंच और ग्रामीणों ने शासन और प्रशासन तक दर्जनों बार जाकर पदस्थ सचिव को हटाने और नए सचिव को प्रभार देने के लिए निवेदन किया है। प्रशासन ने भी नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों की सुध लेकर पदस्थ सचिव प्रेमलता सूर्यवंशी को वहां से हटा दिया और नए सचिव लीलाधर ध्रुव जो ग्राम भावा में पदस्थ थे उसे कुकराडीह भेज दिया। उक्त आदेश 29 मई को जारी किया गया था। माह भर बीत गए हैं सचिव ने अब तक पंचायत में हाजिरी नहीं लगाई है। इससे ग्रामीण परेशान है। जिला पंचायत ने नए सचिव के पदभार को लेकर आदेश तो जारी कर दिए हैं लेकिन सचिव अब तक ग्राम पंचायत को झांकने के लिए भी नहीं गए हैं, जिससे अब पंचायत प्रतिनिधि परेशान हो चुके हैं और ग्राम पंचायत में एक भी कार्य नहीं हो रहे हैं। बरसात का समय है साफ सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। शनिवार को शाम 4 बजे पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत पर ताला लगाकर वहीं पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक नए सचिव पंचायत नहीं आएंगे तब तक पंचायत का ताला नहीं खुलेगा। ग्रामीणों ने रोज पंचायत के पास बैठकर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *