श्यामपुर ग्राम पंचायत में विकास कार्यों में अनियमितताएं मिलने की शिकायत के बाद आज पंचायत समिति सवाई माधोपुर का 5 सदस्य जांच दल श्यामपुरा गांव पहुंचा। टीम ने मौके पर जाकर वस्तु स्थिति का मौका मुआयना किया। पंचायत समिति सवाई माधोपुर के विकास अधिकारी जेपी मीणा ने बताया- कृषि उद्यानिकी व आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा एक मार्च को श्यामपुरा गांव में आए थे। इस दौरान उन्होंने यहां जनसुनवाई की थी। जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने शिकायत करते हुए बताया कि आवास योजना, मेड़बंदी योजना में चयन के नाम पर लोगों से पैसे लिए जा रहे हैं और निर्माण कार्यों में भी अनियमिताएं है। शिकायतकर्ताओं ने लिखित में हस्ताक्षर युक्त शिकायत कैबिनेट मंत्री को दी। जिस पर कार्रवाई करते हुए कनिष्ठ सहायक को निलंबित किया गया है और पांच सदस्य जांच कमेटी का गठन कर प्रधानमंत्री आवास योजना, मेड़बंदी योजना, नरेगा संबंधी कार्य, पंचायत की ओर से करवाए गए निर्माण कार्य की जांच के लिए कमेटी कर जांच करवाई जा रही है। इस दौरान कमेटी ने सभी विकास कार्यों का मौका मुआयना कर वस्तु स्थिति का जायजा लिया। उल्लेखनीय है कि कैबिनेट मंत्री को जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने भ्रष्टाचार की शिकायत की थी। जिसपर इस कमेटी का गठन किया गया था।


