भास्कर न्यूज | अमृतसर चीफ खालसा दीवान के अधीन संचालित प्रमुख संस्थान श्री गुरु हरकृष्ण सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल जीटी रोड के गुरु अर्जन देव सभागार में तीज का त्यौहार बड़े उत्साह के साथ मनाया गया, जिसमें पंजाब की खूबसूरत संस्कृति और परंपराओं की मनमोहक झलक देखने को मिली। समारोह के मुख्यातिथि चीफ खालसा दीवान के अध्यक्ष डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर थे। कार्यक्रम की शुरुआत ईश्वर की शरण में प्रार्थना के साथ हुई। स्कूल के प्रभारी सदस्य आदर्श पिंदर सिंह मान और सरजोत सिंह साहनी, प्रधानाचार्या कवलप्रीत कौर ने अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद, विद्यार्थियों ने पंजाबी गीतों पर आधारित शास्त्रीय नृत्य, साफ सुथरा भारत नाटक और पंजाब का प्रसिद्ध लोक नृत्य गिद्दा प्रस्तुत किया, जिसका अतिथियों ने भरपूर आनंद लिया।इसके बाद वर्ष 2024-25 के सीबीएसई बोर्ड में 97.6% अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली मुस्कान अरोड़ा सहित 85% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 98 विद्यार्थियों को चीफ खालसा दीवान के पदाधिकारियों और सदस्यों द्वारा उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। स्कूल के 350 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 51 विद्यार्थियों ने 90% और उससे अधिक अंक प्राप्त किए। डॉ. इंद्रबीर सिंह निज्जर ने अध्यापकों, विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई दी। कार्यक्रम के दौरान चीफ खालसा दीवान के अध्यक्ष डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर, उपाध्यक्ष संतोख सिंह सेठी, सचिव रमणीक सिंह, स्कूल सदस्य प्रभारी आदर्श पिंदर सिंह मान, सरजोत सिंह साहनी, आतमजीत सिंह बसरा, प्रोफेसर भूपिंदर सिंह सेठी, प्रोफेसर सुखबीर सिंह, निदेशक एपी ऐस चावला, प्रिंसिपल कवलप्रीत कौर, वाइस प्रिंसिपल रेनू आहूजा मौजूद थे।


