पंजाबी सिंगर और दिलेर मेहंदी के भाई जेडी मेहंदी बुधवार को कोटा पहुंचे। कोटा में वे नए साल के प्रोग्राम में प्रस्तुति देने के लिए आए थे। इस दौरान भास्कर ने उनसे बात की। उन्होंने बात करते हुए कहा कि आजकल जो गाने बन रहे हैं उनमें जो लिरिक्स है, वह समझ से बाहर है। कोई भी कुछ भी बना रहा है। पुराने गाने रिमिक्स हो रहे है। नया करने के लिए गीतकारों के पास कुछ नहीं है। एक समय था जब गाने दिल छू लेते थे, आज गाने बस पॉपुलर होने का जरिया बनकर रह गए है। फूहड़ता गानों के नाम पर हो रही है। पढ़िए बातचीत के कुछ अंश………….. सवाल- आज के जो गाने है खासकर पंजाबी गानों की बात करें तो उनमें कटटे, बंदूक जैसे शब्दों का इस्तेमाल हो रहा है
जवाब- बिल्कुल यह सोचने वाली बात है। इस तरह के गानों से गलत मैसेज जाता है। पहले के गानों में शब्दों का इस्तेमाल होता था जो दिलों को छूते थे। प्यार के शब्दों का उपयोग होता था। सुनने वाला झूमता था लेकिन आज इन गानों से मैसेज गलत जाता है। अकड़बाज़ी, बंदूक, धौंस बाजी इन गानों के जरीये बताई जा रही है। मेरा तो यही कहना है कि जहां तक हो गानों के जरीये अच्छा मैसेज हो, बच्चे भी गाने देख सुन सके ये जरूरी है। इसके अलावा जहां तक हो, अच्छे लिबास में म्यूजिक वीडियो शूट हो। छोटे कपड़ों में जो वीडियो शूट हो रहे है वह नहीं होना चाहिए। फेमस होने के लिए कुछ भी कर लो, ऐसा नहीं होना चाहिए। सवाल- पंजाब में माना जाता है कि जिसके पास पैसा वह म्यूजिक डायरेक्टर या सिंगर बन गया
जवाब- जी बिल्कुल ये बात सही है, जिसके पास पैसा है वह भले किसी फील्ड का हो वह इसी लाइन में आ रहे है। कोई म्यूजिक डायरेक्टर बनने में हाथ आजमा रहा है हालांकि वह काम मुश्किल है। ज्यादातर युवा सिंगिंग कर रहे है। इसका कारण यह भी है कि लोगों को लगता है कि आजकल कुछ भी बना लो, कुछ समय का काम है। स्टारडम मिल जाता है। लेकिन ये संगीत नहीं है। संगीत में डूबना पड़ता है, संगीत से प्यार करना पड़ता है। स्टेज पर उतरो तो आपकी आवाज और गानों से लोग झूमे। कोई भी आपके गाने सुन सके तो कोई शर्म न लगे। सवाल- दलेर मेहंदी आपके बड़े भाई है ,उनके गाने बॉलीवुड में चले। आज ज्यादातर रिमिक्स गाने आ रहे है
जवाब- कारण यही है कि किसी के पास अपने शब्द नहीं है। सिर्फ फेमस होना है तो कुछ भी बना लो। सोशल मीडिया पर फेमस होना है, लिरिक्स से कोई लेना देना नही है। इंस्टा पर अकांउट बना लिया और गाना तैयार कर उस पर डाल दो, ऐसा भी चल रहा है। सवाल- क्या पंजाबी इंडस्ट्री में जंग चल रही है। गायकों के बीच लड़ाई सामने आती रहती है
जवाब- बिल्कुल, हर बंदा एक दूसरे से आगे बढने के लिए कुछ न कुछ कर रहा है। तरीका गलत है लेकिन। रातों रात हिट हुए लोग ऐसा कर रहे है। लेकिन मेहनत और काम जरूरी है। सवाल- क्या रियलिटी शो से गायकों को मौका मिलता है, आजकल बच्चों को लेकर भी रियलिटी शो आ रहे हैं
जवाब- मैं तो इस पर कुछ नही कहना चाहता। मेरे लिए तो एक बेकार काम है। क्योंकि जो भी लोग आते है, बच्चे आते है युवा आते है उनकी भावनाओं से छेडछाड़ होती है। पहले ये होता है कि एक दो कंटेस्टेंट को आगे करना होता है बाकी जो आते है उनकी भावनाओं से खेलना होता है।


